रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय सशस्त्र बलों के खिलाड़ियों की सराहना की है। सोमवार को उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के खिलाड़ियों ने सीमित संख्या में भाग लेने के बावजूद अपने अनुशासन, टीम भावना और मेहनत से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इन खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण, 11 रजत और 10 कांस्य सहित कुल 27 पदक जीते। एशियाई खेलों में विभिन्न सेनाओं के दल का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
रक्षा मंत्री ने एशियाई खेल 2026 में हिस्सा लेने वाले सैन्य खिलाड़ी दल के साथ बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि भारत ने इन खेलों में कुल 85 पदक जीते हैं। इसमें सैन्य खिलाड़ियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के कुल 92 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया और 27 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें यह देखकर बहुत गर्व हुआ कि इन खिलाड़ियों ने कम संख्या में प्रतियोगिताओं में उतरने के बावजूद अपनी मेहनत और अनुशासन के दम पर इतना शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि को भारतीय सशस्त्र बलों की खेल परंपरा और मजबूत तैयारी का प्रमाण बताया। रक्षा मंत्री ने पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ उन खिलाड़ियों का भी उत्साह बढ़ाया, जो पदक हासिल नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना, पूरी मेहनत से मुकाबला करना और अनुभव लेकर लौटना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा, ''मेडल हासिल न कर पाना, हार जाने का प्रतीक नहीं होता। हार तो तब होती है, जब हम कोशिश करना छोड़ दें। आपने कोशिश नहीं छोड़ी। आपने भारत का नाम रोशन किया। आपने भारतीय सशस्त्र बलों का मान बढ़ाया।''