भारत की मशहूर ओपन वॉटर स्विमर भक्ति शर्मा ने पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया है। भक्ति शर्मा ने महज 52 मिनट में 1 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले अंटार्कटिक महासागर में 2.25 किलोमीटर तैरकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। भक्ति पहली एशियाई महिला और सबसे कम उम्र की तैराक हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
30 नवंबर 1989 को मुंबई में जन्मीं भक्ति शर्मा ने महज ढाई साल की उम्र से ही तैराकी शुरू कर दी। मां लीना शर्मा ने बेटी को तैराकी के गुर सिखाए। भक्ति शर्मा ने राज्य और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए अपनी खास पहचान बनाई।
साल 2003 में भक्ति शर्मा जब महज 14 साल की थीं, तो उन्होंने पहली बार ओपन वॉटर तैराकी में हिस्सा लिया। उन्होंने उरण बंदरगाह से गेटवे ऑफ इंडिया तक 16 किलोमीटर तैराकी की। भक्ति शर्मा के नाम लंबी दूरी की तैराकी में कई विश्व रिकॉर्ड हैं।