फ्रेंच ओपन में गुरुवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। टूर्नामेंट में एकल खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे इटली के जानिक सिनर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी सिनर को अर्जेंटीना के जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने 3-6, 2-6, 7-5, 6-1, 6-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस हार के साथ ही सिनर का करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने का सपना टूट गया।
पांच सेट तक चले इस मुकाबले में जब सिनर अपने दूसरे राउंड के मैच के तीसरे सेट में 5-1 से आगे चल रहे थे, तब ऐसा लग रहा था कि जीत उनकी ही होगी। लेकिन, अचानक सिनर को मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या हुई। 24 साल के सिनर ने दो बार मैच को अपने नाम करने के लिए सर्विस की, लेकिन दोनों बार वह नाकाम रहे। इसके अलावा, 5-4, 0/40 के स्कोर पर उन्हें कोर्ट से बाहर जाकर मेडिकल सुविधा लेनी पड़ी।
उसके बाद सिनर कभी फिट नहीं हो पाए। इटली के दिग्गज खिलाड़ी की इंजरी का सेरुंडोलो ने पूरा फायदा उठाया और आखिरी 20 गेम में से 18 गेम जीतकर 2026 का अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया।