मैनुअल फ्रेडरिक भारतीय पुरुष हॉकी टीम के बेहतरीन खिलाड़ी थे। वह उस दौर में खेले जब भारतीय हॉकी का पूरे विश्व में दबदबा था। बतौर गोलकीपर खेलने वाले फ्रेडरिक 1972 में ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे थे।
मैनुअल फ्रेडरिक का जन्म 20 अक्टूबर, 1947 को केरल के कन्नूर शहर में हुआ था। फ्रेडरिक का खेल में सफर तब शुरू हुआ जब उन्हें बेंगलुरु में आर्मी की स्कूल टीम में भर्ती किया गया। हॉकी से पहले वे कन्नूर में फुटबॉल खेलते थे।
उन्होंने 1971 में इंडिया के लिए डेब्यू किया और सात साल तक नेशनल टीम के लिए खेले। फ्रेडरिक ने दो हॉकी वर्ल्ड कप – नीदरलैंड्स (1973) और अर्जेंटीना (1978) में भी देश का प्रतिनिधित्व किया। नीदरलैंड में आयोजित हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल जीता था। उनके करियर का सबसे अहम समय 1972 में म्यूनिख में आयोजित ओलंपिक था। भारतीय टीम ने इस ओलंपिक में ब्रांज मेडल जीता था।