बॉक्सिंग वर्ल्ड कप (स्टेज 2) के तीसरे दिन भारतीय मुक्केबाज निखिल, दीपक और स्नेह ने जीत हासिल की और अपनी-अपनी वेट कैटेगरी में अगले दौर में जगह बनाई। यह प्रतियोगिता चीन के गुइयांग शहर में स्थित गुइयांग ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर जिम्नेजियम में खेली जा रही है।
पुरुषों की 55 किलोग्राम कैटेगरी में निखिल ने ब्राजील के केल्वी ट्रिंडाडे को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर प्रतियोगिता में आगे का सफर तय किया। पुरुषों की 70 किलोग्राम कैटेगरी में दीपक ने जापान के 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप के सिल्वर मेडलिस्ट सेवोन ओकाजावा को 5-0 से मात दी। वहीं, महिला वर्ग में, स्नेह (65 किलोग्राम) ने साउथ कोरिया की सियोन सुजिन के खिलाफ कड़े मुकाबले में 4-1 से जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया।
तीसरे दिन अन्य शुरुआती मुकाबलों में, मालसावम्टलुआंगा (80 किलोग्राम) को जॉर्डन के अशाईश हुसैन से 1-4 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि माही लामा (60 किलोग्राम) मंगोलिया की मोंखोर नामुन से 0-5 से हारकर बाहर हो गईं। इससे पहले, प्रतियोगिता के दूसरे दिन भारतीय मुक्केबाज ज्योति, प्राची और निखिल ने जीत हासिल करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया था।