मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) क्लब इंटर मियामी ने ब्राजील फुटबॉल टीम के मिडफील्डर कैसेमिरो को अपनी टीम में शामिल करने का ऐलान किया है। कैसेमिरो हाल ही में इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड से अलग हुए थे। हालांकि, इस ट्रांसफर के सामने आने के बाद एमएलएस ने इससे जुड़ी कुछ कथित अनियमितताओं की जांच भी शुरू कर दी है।
इंटर मियामी ने कैसेमिरो के साथ एमएलएस सीजन 2027 तक का करार किया है। इस कॉन्ट्रैक्ट को जून 2029 तक बढ़ाने का विकल्प भी रखा गया है। क्लब ने इस ट्रांसफर को पूरा करने के लिए एलए गैलेक्सी से कैसेमिरो के 'डिस्कवरी राइट्स' भी हासिल किए हैं। एमएलएस में एक खास नियम होता है, जिसे 'डिस्कवरी लिस्ट' कहा जाता है। इसके तहत हर क्लब पांच खिलाड़ियों के नाम अपनी सूची में रख सकता है। अगर उन खिलाड़ियों में से कोई एमएलएस में आना चाहता है, तो उस क्लब को उसे साइन करने का पहला अधिकार मिलता है। कैसेमिरो के मामले में यह अधिकार एलए गैलेक्सी के पास था। इसी वजह से इंटर मियामी को पहले गैलेक्सी के साथ समझौता करना पड़ा, उसके बाद ही यह ट्रांसफर पूरा हो सका।
34 वर्षीय कैसेमिरो इंटर मियामी की मजबूत मिडफील्ड का हिस्सा बनेंगे। टीम में पहले से अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी रोड्रिगो डी पॉल मौजूद हैं। इसके अलावा, लियोनेल मेस्सी और जर्मन बर्टेराम जैसे खिलाड़ी भी क्लब के लिए खेल रहे हैं। ऐसे में कैसेमिरो के आने से इंटर मियामी की टीम और भी मजबूत नजर आ रही है।