आक्रामक खेल से मैच पलटने की काबिलियत। विवादों से रहता है नाता। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्रूनो फर्नांडीस पुर्तगाल के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं। साल 2019 और 2025 में पुर्तगाल को नेशंस लीग का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले फर्नांडीस से इस विश्व कप में भी टीम को काफी उम्मीदें होंगी।
ब्रूनो फर्नांडीस की गिनती दुनिया के सबसे आक्रामक मिडफील्डरों में की जाती है। असाधारण पासिंग क्षमता, सटीक थ्रू पास, शानदार शुरुआती क्रॉस, लंबी दूरी से शॉट लगाने की कला और गोलकीपर को चकमा देकर गोल करने की काबिलियत जैसी खूबियां पुर्तगाल के इस खिलाड़ी को खास बनाती हैं।
ब्रूनो के पास जब भी गेंद आती है, फैंस रोमांचित हो उठते हैं और मैच में नई संभावनाएं पैदा हो जाती हैं। ब्रूनो का जन्म 8 सितंबर 1994 को पुर्तगाल में हुआ था। बचपन से ही उनकी फुटबॉल में गहरी रुचि थी। हालांकि, घर की आर्थिक स्थिति और सीमित संसाधन उनके करियर की राह में चुनौती बने हुए थे।