बायर्न म्यूनिख ने अपने बुंडेसलीगा कैंपेन का अंत एक और धमाकेदार प्रदर्शन के साथ किया। हैरी केन द्वारा लगाई गई हैट्रिक के दम पर बायर्न ने कोलोन को 5-1 से रौंदने के बाद ट्रॉफी को उठाया।
'शिन्हुआ' की रिपोर्ट के मुताबिक, केन ने लेनार्ट कार्ल के क्रॉस पर 10वें मिनट में बायर्न के लिए पहला गोल दागा और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके तीन मिनट बाद ही किमिच के फ्री-किक पर उन्होंने एक और गोल करते हुए मैच में बायर्न की पकड़ को मजबूत कर दिया।कोलोन शुरुआत में ज्यादा मौके नहीं बना पा रहा था, लेकिन सैद एल माला ने जमाल मुसियाला की मिडफील्ड में हुई गलती का फायदा उठाया। उन्होंने बायर्न के हाफ में तेजी से बढ़ते हुए 18वें मिनट में न्यूएर को मात देकर गोल कर दिया।
बायर्न ने इस गोल का जल्द ही जवाब दिया। मैच के 22वें मिनट में टॉम बिशॉफ ने शानदार गोल करते हुए बायर्न म्यूनिख को 3-1 से आगे कर दिया। हाफ टाइम से ठीक पहले गोलकीपर मार्विन श्वाबे ने लुइस डियाज के शॉट का शानदार अंदाज में बचाव किया, जबकि ब्रेक से कुछ देर पहले मुसियाला का शॉट गोल पोस्ट से लगकर वापस आ गया।