BWF World Championship: बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के 'राउंड ऑफ 32' में भारत की मेंस डबल्स जोड़ी एमआर अर्जुन/हरिहरन अमसाकरुणन को साउथ कोरिया के एमएच कांग/डी. काय के खिलाफ 17-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। बुधवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में सीधे गेम में हारने के बाद, भारतीय जोड़ी ने अपनी गलतियों और कड़े शुरुआती गेम को जीतने में नाकाम रहने को हार का कारण बताया।
आयरलैंड के स्कॉट गिल्डिया/पॉल रेनॉल्ड्स के चोट के कारण हट जाने के बाद भारतीय जोड़ी 'राउंड ऑफ 32' में पहुंची थी, लेकिन साउथ कोरियाई जोड़ी के विरुद्ध शिकस्त झेलनी पड़ी। हार पर बात करते हुए हरिहरन अमसाकरुणन ने कहा कि मैच कठिन था, लेकिन शुरुआती गेम के अहम मोड़ पर भारतीयों ने गलतियां करना शुरू कर दिया। इस हार के साथ ही घरेलू वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय जोड़ी का सफर खत्म हो गया।
हरिहरन अमसाकरुणन ने कहा, "हम अच्छा खेल रहे थे। कोरियाई डिफेंस के बारे में हमें मैच से पहले ही पता था कि यह आसान मैच नहीं होगा। हमें कम से कम 10-12 या 15 रैलियों के बाद प्वाइंट्स मिल रहे थे। यह अच्छा था। हमारा खेल बहुत करीबी था, कांटे की टक्कर थी, स्कोर 15-15 था। उसके बाद, हमारी तरफ से आसान गलतियां हुईं। दूसरा सेट थोड़ा धीमा था; हम धीमे खेल की ओर चले गए। स्मैश वगैरह से प्वाइंट्स नहीं बना पाए। तो, ठीक है; यह एक अच्छा मैच था। अगले टूर्नामेंट का इंतजार है।"