हैदराबाद में 17 साल पहले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुकीं भारत की पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुरगुंडे का मानना है कि प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की भारत में वापसी पिछले एक दशक में देश के खेलों में हुई शानदार प्रगति का प्रतीक है।
बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 17-23 अगस्त के बीच इंदिरा गांधी स्टेडियम में खेली जाएगी। भारत दूसरी बार इस बैडमिंटन टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है; इससे पहले 2009 में हैदराबाद इस प्रतियोगिता का वेन्यू था।
मुरगुंडे ने 'साई मीडिया' से कहा, "समूचे भारतीय खेल जगत के लिए काफी गर्व की बात है कि हमें 17 साल बाद फिर से इसकी मेजबानी मिली है। पिछले 8 से 10 वर्षों में भारतीय खेलों का प्रदर्शन शानदार रहा है। हमने कई तरह के इवेंट्स में बेहतरीन नतीजे देखे हैं और साथ ही इस तरह के इंटरनेशनल इवेंट्स की मेजबानी भी की है। यह अभी वाकई बहुत जरूरी और अहम है।"