बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में बुधवार को उन्नति हुड्डा का सफर समाप्त हो गया। उन्नति को राउंड ऑफ 32 के अपने मुकाबले में कनाडा की मिशेल ली के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद उन्नति ने कहा कि वह मैच में अपने प्रदर्शन से खुश हैं, लेकिन उन्हें इस बात का मलाल है कि वह इसे जीत में तब्दील नहीं कर सकीं।
मैच के बाद पत्रकारों के साथ बात करते हुए उन्नति ने कहा, "मुझे लगता है कि यह एक अच्छा मैच था और वह (मिशेल ली) भी बहुत अच्छा खेल रही थीं। मुकाबला बराबरी का था और आखिर में मैं थोड़ा घबरा गई। मेरे पास दो एडवांटेज थे, लेकिन मैं उन्हें जीत में तब्दील नहीं कर सकी। मैं पूरे मैच में अपने प्रदर्शन से खुश हूं, लेकिन मुझे इस बात का दुख है कि मैं इसे जीत में तब्दील नहीं कर सकी।"
उन्नति ने कहा कि वह इस मैच और टूर्नामेंट से अच्छी बातें साथ लेकर जाएंगी और आगे आने वाले टूर्नामेंटों के लिए कड़ी मेहनत करेंगी। उनके और ली के बीच में मुकाबला कड़ा रहा और आगे के कोर्ट पर खेलने वाली खिलाड़ी को अटैक करने के बेहतर चांस मिल रहे थे। भारतीय युवा शटलर ने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान एशियन गेम्स 2026 की तैयारी पर रहेगा।