BWF World Championships: लक्ष्य सेन बुधवार को बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के दूसरे राउंड में उलटफेर का शिकार हो गए, जिन्हें यूएसए के गैरेट टैन के हाथों 21-19, 19-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा। बुधवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 73 मिनट तक चले मुकाबले को गंवाने के बाद लक्ष्य बेहद निराश हैं।
वर्ल्ड चैंपियनशिप 2021 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले 14वीं वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी ने पहला गेम 21-19 से अपने नाम किया, लेकिन इसके बाद वर्ल्ड रैंकिंग में 92वें स्थान पर मौजूद 18 वर्षीय अमेरिकी खिलाड़ी ने वापसी करते हुए अगले दो गेम 21-19, 21-17 से जीते।
हार के बाद लक्ष्य ने कहा, "यह एक अच्छा मैच था। मैं अपने प्रतिद्वंद्वी को पूरा श्रेय देता हूं। उन्होंने बहुत मजबूत खेल दिखाया। तीसरे सेट के आखिर तक हम दोनों पूरी तरह थक चुके थे। मैंने अपना सब कुछ झोंक दिया। आखिर में, यह मैच जीतने के लिए काफी नहीं था। मैं थोड़ा निराश हूं।"