सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की लगातार दूसरी बार बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को शुक्रवार को करारा झटका लगा। चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग ने इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए पुरुष डबल्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी को 21-18, 21-9 से हरा दिया।
इस हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारत की पुरुष डबल्स चुनौती खत्म हो गई और अब देश की ओर से सिर्फ त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ही बची है। महिला डबल्स जोड़ी ने दिन में पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली थी, जिससे कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का हो गया है।
सात्विक और चिराग की जोड़ी शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। लियांग और वांग ने तेजी से 3-0 की बढ़त बना ली और उनके आक्रामक खेल ने भारतीय जोड़ी के लिए मुश्किलें खड़ी कर दीं। पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी धीरे-धीरे लय में आई और अपने प्रतिद्वंद्वियों को हर प्वाइंट पर टक्कर देने लगी। सात्विक और चिराग ने इंटरवल तक 11-10 की मामूली बढ़त भी बना ली, जिससे मुकाबला कड़ा होने के आसार दिखे।