वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी एन से यंग ने सोमवार को बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करते हुए बुल्गारिया की कैलोयाना नालबांतोवा को 21-14, 21-13 से शिकस्त दी। इस स्टार खिलाड़ी ने बताया है कि वह अभी भी टखने की चोट से जूझ रही हैं।
23 वर्षीय शटलर मैच के बाद टखने पर बर्फ से सिकाई करती नजर आईं। हालांकि, साउथ कोरियन खिलाड़ी थोड़ी तकलीफ के बावजूद अपने शरीर की स्थिति से खुशी हैं। जीत के बाद यंग ने पत्रकारों से कहा, "मैं वापस आकर बहुत खुश हूं। शारीरिक रूप से भी सब ठीक है, इसलिए अब मुझे उम्मीद है कि अगले मैच में और बेहतर करूंगी। थोड़ा दर्द है, लेकिन मैं अपनी लय में वापस आना चाहती हूं, इसलिए उम्मीद है कि सब ठीक रहेगा और अच्छा नतीजा मिलेगा। हालांकि, ठीक होने की प्रक्रिया जारी है।"
चोट के बारे में और क्या वह पूरी तरह ठीक हो गई हैं, इस सवाल पर यंग ने संक्षेप में जवाब में कहा, "ठीक होने में समय लग रहा है।"