फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में अर्जेंटीना की भिड़ंत काबो वर्डे के साथ होनी है। इस मुकाबले से पहले अर्जेंटीना के हेड कोच लियोनेल स्कालोनी ने कहा है कि उनकी टीम को काबो वर्डे को हल्के में लेने की भूल नहीं करनी चाहिए।
अर्जेंटीना ग्रुप जे में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों मैच जीतकर टॉप पर रही। टीम ने इस दौरान कुल आठ गोल किए और सिर्फ एक गोल खाया। दूसरी ओर, काबो वर्डे ने ग्रुप एच में स्पेन के बाद दूसरे स्थान पर रहकर नॉकआउट में जगह बनाई है। उन्होंने अपने सभी मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया और बिना हारे नॉकआउट स्टेज का टिकट कटाया है। काबो वर्डे ने स्पेन और सऊदी अरब के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला, जबकि उरुग्वे के साथ भी उनका मैच 2-2 से ड्रॉ रहा था।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्कालोनी ने कहा कि हर टीम अब मजबूत है और किसी भी विरोधी को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा कि काबो वर्डे ने अब तक बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, और वे सिर्फ किस्मत से यहां नहीं पहुंचे हैं। स्कालोनी ने कहा कि अब टीमों के बीच का अंतर कम हो गया है, इसलिए हर मैच कठिन होता जा रहा है।