कार्लो एंसेलोटी ब्राजील के नेशनल टीम के हेड कोच पद पर साल 2030 तक बने रहेंगे। ब्राजीलियन फुटबॉल परिसंघ (सीबीएफ) ने उनके कॉन्ट्रैक्ट को 2030 तक बढ़ा दिया है।
66 वर्षीय एंसेलोटी ने मई 2025 में ब्राजील के हेड कोच का पद संभाला था और टीम को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई कराया था, जिसका आयोजन 11 जून से अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में होना है। उनकी अगुवाई में ब्राजील ने 10 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 5 में जीत, तो 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, दो मैच ड्रॉ रहे हैं।
एंसेलोटी ने सीबीएफ की आधिकारिक वेबसाइट से कहा, "मैं एक साल पहले ब्राजील आया था। पहले मिनट से ही, मैं समझ गया था कि इस देश के लिए फुटबॉल का क्या मतलब है। एक साल से हम ब्राजीलियन नेशनल टीम को दुनिया में टॉप पर वापस लाने के लिए काम कर रहे हैं। हालांकि, सीबीएफ और मैं अभी और जीत, समय और काम चाहते हैं।"