दुनिया के नंबर 2 खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने विंबलडन और क्वीन्स क्लब चैंपियनशिप, दोनों से अपना नाम वापस ले लिया है। वह अपनी दाईं कलाई की पुरानी चोट से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। कार्लोस अल्काराज ने एक्स पर पोस्ट करते हुए अपने इस फैसले की जानकारी दी।
अल्काराज ने लिखा, "मेरी रिकवरी अच्छी चल रही है और मैं काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं। बदकिस्मती से, मैं अभी भी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हूं। इसलिए मुझे क्वीन्स और विंबलडन के ग्रास-कोर्ट सीजन से अपना नाम वापस लेना पड़ रहा है। ये दोनों टूर्नामेंट मेरे लिए बहुत खास हैं और मैं इन्हें बहुत मिस करूंगा। हम जल्द से जल्द वापसी करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।"
साल 2026 में अल्काराज का इंजरी की वजह से बड़े टूर्नामेंटों से बाहर रहने का दौर जारी है। इस साल की शुरुआत में क्ले-कोर्ट सीजन के दौरान जब उनकी चोट की समस्या बढ़ी थी, तब से उन्होंने कोई भी प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है। अल्काराज पहले ही रोम में होने वाले इटैलियन ओपन और फ्रेंच ओपन से अपना नाम वापस ले चुके थे। अल्काराज ने 2025 में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था। उन्होंने फाइनल में दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी जानिक सिनर को हराया था।