टेनिस के खेल में 'विंबलडन' सबसे पुराना और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है। पहली बार विंबलडन का आयोजन साल 1877 में हुआ था। घास पर खेले जाने वाले इस लोकप्रिय टूर्नामेंट में सेंटर कोर्ट को खास अहमियत दी जाती है। सेंटर कोर्ट को विंबलडन का 'दिल' भी कहा जाता है, जहां टूर्नामेंट के कई ऐतिहासिक मुकाबले खेले जा चुके हैं।
विंबलडन की जब शुरुआत हुई, तो इसके पहली बार आयोजन के लिए कोर्ट पर ग्रिड पैटर्न बिछाया गया था। हालांकि, 1881 में इन दो कोर्ट्स को मिलाकर एक मुख्य कोर्ट तैयार किया गया, जो बिल्कुल सेंट्रल में था और तब से इसका नाम सेंटर कोर्ट पड़ा। सेंटर कोर्ट की शुरुआत 1922 में हुई थी, जब विंबलडन चैंपियनशिप अपने नए परिसर ऑल इंग्लैंड लॉन टेनिस एंड क्रोके क्लब में शिफ्ट हुआ।
सेंटर कोर्ट का इस्तेमाल पूरे साल में सिर्फ दो हफ्ते के लिए विंबलडन के दौरान होता है। इन दो हफ्तों के लिए पूरे साल इस कोर्ट का खास ध्यान रखा जाता है। इस बात पर सबसे ज्यादा फोकस किया जाता है कि सेंटर कोर्ट की घास की गुणवत्ता सर्वश्रेष्ठ बनी रहे। सेंटर कोर्ट के लिए सिर्फ बारहमासी राई घास का इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी लंबाई को ज्यादातर 8 मिलीमीटर ही रखा जाता है।