चेल्सी फुटबॉल क्लब के स्ट्राइकर डैनी वेलबेक ने चेल्सी के लिए खेलने पर गर्व जताया है। उन्होंने कहा कि प्रीमियर लीग का यह क्लब उन्हें हर साल बेहतर बनने और खिताब जीतने के लिए प्रेरित करता है।
इंग्लैंड के लिए 42 मैच खेल चुके वेलबेक, ब्राइटन एंड होव एल्बियन से चेल्सी में शामिल हुए हैं। उन्होंने 2028 तक के लिए करार किया है। 'जियोस्टार' पर बात करते हुए वेलबेक ने कहा, "इतने बड़े क्लब के लिए खेलना सम्मान की बात है। चेल्सी एक ऐसा क्लब है जो हर साल खिताब जीतने और बेहतर बनने के लिए जोर देता है। यह मेरी सोच से मेल खाता है, क्योंकि मैं भी हर दिन खुद को बेहतर बनाने और आगे बढ़ने की कोशिश करता रहता हूं। यहां का स्तर बहुत ऊंचा है, और एक खिलाड़ी के तौर पर आप यही तो चाहते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "यहां आप बेहतरीन प्रोफेशनल्स और कोचिंग स्टाफ के बीच रहते हैं, जो हर सेशन में आपसे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की उम्मीद करते हैं। इससे आपको अपना स्तर ऊपर उठाने की प्रेरणा मिलती है। मेरे लिए इसका मतलब है टीम के लिए अपना योगदान देना, ट्रेनिंग पिच पर कड़ी मेहनत करना और जब भी मैनेजर मुझे बुलाएं, तो मैं पूरी तरह तैयार रहूं। मैं चाहता हूं कि जब मैं यहां बिताए अपने समय को याद करूं, तो कह सकूं कि मैंने इस क्लब के लिए अपना सब कुछ दे दिया। मैं चेल्सी के साथ ट्रॉफियां जीतने के लिए बहुत उत्साहित हूं।"