प्रीमियर लीग क्लब चेल्सी ने ला लीगा की टीम रायो वैलेकानो के स्पेनिश खिलाड़ी पेप चावरिया को साइन करने की घोषणा की है। 28 वर्षीय खिलाड़ी ने पांच साल के कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस स्पेनिश खिलाड़ी ने स्टैमफोर्ड ब्रिज में 2031 तक के लिए कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है और कोभम में अपने नए टीम-साथियों के साथ काम करना शुरू करेंगे। 28 वर्षीय खिलाड़ी ने एक आधिकारिक बयान में कहा, 'मैं चेल्सी के साथ शुरुआत करने के लिए बहुत उत्साहित हूं। यह मेरे लिए एक सपने जैसा है क्योंकि चेल्सी दुनिया के सबसे बड़े क्लबों में से एक है। यह एक बड़ा मौका है, लेकिन मैं तैयार हूं और टीम को सफलता दिलाने के लिए कड़ी मेहनत करूंगा।"
उन्होंने आगे कहा, "बहुत से लोगों ने मुझे इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की है, और मुझे अपने परिवार का शुक्रिया अदा करना है। उन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया है और आज जो कुछ भी हो रहा है, वह उन्हीं की वजह से है।" चावरिया ने अपने करियर की शुरुआत अपने गृहनगर की टीम यूई फिगेरेस के साथ की थी, जो उस समय स्पेनिश चौथे टियर (चौथे स्तर) में थी। उन्होंने 18 साल की उम्र में सीएफ पेरालाडा के खिलाफ अपना सीनियर डेब्यू किया और अगले दो सीजन में एक अटैकिंग-माइंडेड लेफ्ट-बैक के रूप में खुद को विकसित किया।