चेन्नई बुल्स ने पहली महिला रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। चैंटेल मिएल की कप्तानी में इस टीम ने 5 लीग मुकाबलों के बाद टेबल में शीर्ष पर रहते हुए खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। चेन्नई बुल्स मंगलवार को गाचीबोवली स्टेडियम में फाइनल मैच खेलेगी।
खिताबी मुकाबले में पहुंचने के बाद चेन्नई बुल्स विमेंस की कप्तान चैंटेल मिएल ने कहा, "मैं फाइनल को लेकर बहुत उत्साहित हूं। कल (रविवार) रात का मुकाबला बेहद मुश्किल था, लेकिन आखिरी पल में जीत हासिल करना पिछले कुछ हफ्तों में की गई कड़ी मेहनत का शानदार नतीजा है। फाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बनकर खुशी हो रही है। टीम अब तरोताजा है और वापसी के लिए पूरी तरह तैयार है; उम्मीद है कि कल (मंगलवार) हम फाइनल जीतेंगे।"
चेन्नई बुल्स की अमनदीप कौर ने कहा, "फाइनल में पहुंचकर बहुत खुशी हो रही है। पूरी टीम फाइनल खेलने के लिए बेताब है। हमारा ध्यान अपने आखिरी लक्ष्य पर है, जो हमेशा से रग्बी प्रीमियर लीग के महिला संस्करण का पहला चैंपियन बनना है।"