छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। सोमवार को रायपुर में सभी छह फ्रेंचाइजी चक्रधर चैंपियंस, न्यायाधानी नाइट्स, राजधानी रॉयल्स, मैनपाट टाइटंस, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स को पेश किया गया। टीम ड्रॉ के जरिए प्रत्येक फ्रेंचाइजी को 22 खिलाड़ियों की टीम और एक हेड कोच दिया गया।
भारत के सबसे कामयाब फील्ड हॉकी खिलाड़ियों में से एक, सरदार सिंह को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का लीग एंबेसडर घोषित किया गया है।
सीएचएल में छह फ्रेंचाइजी टीमें शामिल हैं, जिनमें राष्ट्रीय हीरो, ओलंपियन, स्थानीय प्रतिभा और छत्तीसगढ़ क्षेत्र के अनुभवी खिलाड़ी एक साथ खेलते नजर आएंगे। इस टूर्नामेंट का मकसद स्थानीय प्रतिभाओं को एक बेहतरीन मंच देना और राज्य में घरेलू हॉकी ढांचे को मजबूत करना है।