छत्तीसगढ़ 25 मार्च से 3 अप्रैल तक होने वाले पहले 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। यह प्रतियोगिता रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में आयोजित होगी, जिसमें देशभर से करीब 3700 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
यह पहली बार है जब इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आदिवासी खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसे राज्य के लिए गर्व का अवसर माना जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह आयोजन आदिवासी युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच देगा और उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा, "खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मेजबानी करना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। युवा हमारे राष्ट्र और राज्य का भविष्य हैं और सरकार उन्हें शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और खेल के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह आयोजन न केवल हमारे आदिवासी एथलीटों की अद्भुत प्रतिभा को प्रदर्शित करेगा, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय मंच पर भी पहचान दिलाएगा।"