24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच ने 11 साल बाद चाइना ओपन में वापसी करते हुए पुर्तगाल के नूनो बोर्जेस को 6-3, 7-6 (2) से हराया। वहीं, बुधवार को मेंस सिंगल्स के पहले राउंड में रूस के कारेन खाचानोव ने दूसरे सीड फेलिक्स ऑगर-एलियासिम को उलटफेर का शिकार बनाते हुए 6-3, 6-3 से शिकस्त दी।
39 वर्षीय सर्बिया के अनुभवी खिलाड़ी ने आखिरी बार 2015 में चाइना ओपन में हिस्सा लिया था, जब उन्होंने फाइनल में राफेल नडाल को हराकर अपना छठा खिताब जीता था। वह टूर्नामेंट के सबसे सफल पुरुष सिंगल्स खिलाड़ी बने हुए हैं, जिन्होंने साल 2009, 2010 और 2012 से 2015 के बीच जीत हासिल की थी।
'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, जोकोविच ने कहा, "पहले सेट के ज्यादातर हिस्से में बहुत अच्छा महसूस हुआ, लेकिन शारीरिक रूप से थोड़ी परेशानी हुई। फिर, एक तरह से मैच का मिजाज बदल गया। मैं अच्छी सर्विस कर रहा था। खासकर दूसरे सेट में, मैं अपने सर्विस गेम आसानी से जीत रहा था। टाई-ब्रेक में मैंने शानदार खेल दिखाया और दो सेटों में मैच खत्म करके बहुत खुश हूं।"