दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु मंगलवार से शुरू होने वाले बीडब्ल्यूएफ सुपर 1000 टूर्नामेंट, चाइना ओपन 2026 में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगी। सिंधु ने हाल ही में जापान ओपन में शानदार जीत के साथ लंबे समय से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म किया है।
31 वर्षीय पीवी सिंधु ने जापान ओपन के खिताबी मैच में तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन अकाने यामागुची को सीधे गेम में 21-17, 21-17 से मात देकर लगभग दो साल में अपना पहला खिताब जीता था। अब मजबूत आत्मविश्वास के साथ सिंधु चीन पहुंची हैं। पूर्व वर्ल्ड चैंपियन ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी गेम नहीं गंवाया, जो इस बात को दर्शाता है कि वह उस फॉर्म में लौट आई हैं जिसने उन्हें बड़े मंचों पर उन्हें लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक बनाया था।
पीवी सिंधु ने साल 2016 में चाइना ओपन सुपर सीरीज का खिताब जीता था। अब वह बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर एक और शानदार प्रदर्शन के साथ अपनी हालिया सफलता को आगे बढ़ाना चाहेंगी।