असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को घोषणा की है कि गुवाहाटी में रेस्टोरेंट अगले चार दिनों तक सुबह 3.30 बजे तक खुले रह सकेंगे। मुख्यमंत्री ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि फुटबॉल फैंस बिना किसी परेशानी के फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मैच का लुत्फ ले सकें।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि गुवाहाटी जिला प्रशासन को 15, 16, 19 और 20 जुलाई को रेस्टोरेंट के बंद होने का समय सुबह 3.30 बजे तक बढ़ाने की अनुमति दे दी गई है। इस फैसले की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री सरमा ने कहा, "फुटबॉल लोगों को जोड़ता है, और हम चाहते हैं कि हमारे खेल प्रेमी बिना किसी परेशानी के फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और फाइनल का आनंद लें।"
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्थानीय मांग के आधार पर असम के अन्य जिलों में भी इसी तरह की छूट दी जा सकती है। उन्होंने कहा, "मैंने अन्य जिलों के जिला प्रशासनों को भी इसी तरह समय बढ़ाने की अनुमति देने का अधिकार दिया है, जहां भी रेस्टोरेंट मालिकों के संघों से अनुरोध और स्थानीय जनता की मांग हो।"