दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में 'वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रेस' - दिल्ली हाफ मैराथन के 21वें संस्करण के लिए खास 'फिनिशर मेडल' का अनावरण किया।
दिल्ली हाफ मैराथन की शुरुआत रविवार को मशहूर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से होगी, जिसमें भारत और दुनिया भर से हजारों धावक राजधानी की सड़कों पर मेडल हासिल करने के लिए दौड़ते नजर आएंगे। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन, जो स्वास्थ्य, फिटनेस, महिलाओं की ज्यादा भागीदारी और व्यापक सामाजिक-आर्थिक व चैरिटेबल असर पर केंद्रित है, राष्ट्रीय राजधानी के लिए एक अहम पहल बन गई है। प्रतिभागियों का उत्साह और खुशी वाकई प्रेरणादायक है, और दिल्ली सरकार इस आयोजन को और भी सफल बनाने के लिए इसके साथ खड़ी है।"
दुनिया की सबसे पुरानी जिंक माइनिंग साइट्स में से एक उदयपुर की मशहूर जावर माइन्स से मिली हाई-क्वालिटी जिंक से बना और वेदांता ग्रुप की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया यह मेडल, रेस के दिन की यादगार निशानी से कहीं ज्यादा अहमियत रखता है। दिल्ली सरकार के श्रम, रोजगार और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, "वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन दिल्ली के लिए एक सालाना इवेंट बन गई है, जो देश और दुनिया भर के लोगों को एक साथ लाती है। दिल्ली सरकार और दिल्ली पर्यटन ऐसे स्पोर्ट्स इवेंट्स को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, जो पर्यटन गंतव्य के तौर पर दिल्ली की स्थिति को मजबूत करते हैं। हम 18 अक्टूबर के इस इवेंट को शानदार ढंग से सफल बनाने के लिए उत्सुक हैं।"