कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त के बीच ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में होगा। यह शहर दूसरी बार इन खेलों की मेजबानी करने जा रहा है। इससे पहले साल 2014 में भी ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन कर चुका है। पिछली बार 14 वेन्यू पर 17 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ था, लेकिन इस बार सिर्फ 4 वेन्यू पर 10 खेल आयोजित होंगे। आइए, इन वेन्यू के बारे में विस्तार से जानते हैं।
ग्लासगो इंटरनेशनल एरिना: ग्लासगो के ईस्ट एंड में डालमार्नॉक एरिया में स्थित इस परिसर का उद्घाटन अक्टूबर 2012 में हुआ था। इस खेल परिसर में एक बहुउद्देश्यीय ग्लासगो एरिना है, जिसके साथ 'सर क्रिस होय वेलोड्रोम' मौजूद है, जो स्कॉटलैंड के सफलतम ओलंपियन सर क्रिस होय के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने अपने ट्रैक साइकिलिंग करियर में 6 ओलंपिक गोल्ड, 11 विश्व खिताब और 2 कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड जीते थे।
यहां मुख्य एरिना में 24-28 जुलाई के बीच जिमनास्टिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिसके बाद सर क्रिस होय वेलोड्रोम में 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच साइकिलिंग प्रतियोगिताएं होंगी।