कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की पदक की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। बर्मिंघम में जूडो में देश के लिए रजत पदक जीतने वाली तूलिका मान ग्लासगो में हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स से हट गई हैं। मान को नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी (नाडा) ने 12 महीनों के अंदर तीन बार लोकेशन फेल होने पर कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया है।
तूलिका मान कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए पदकों की बड़ी उम्मीद थीं। उन्हें नाडा से निलंबन के कारण टीम से बाहर कर दिया गया। वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी (वाडा) के नियमों के मुताबिक, मान पर अब दो साल का बैन लग सकता है। बता दें कि तूलिका ने 2022 में बर्मिंघम में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं के +78 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीता था।
27 साल की तूलिका के ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स से हटने का मामला एक और भारतीय जूडोका, अरुण कुमार के आउट-ऑफ-कॉम्पिटिशन डोपिंग टेस्ट में पॉजिटिव आने के बाद कुछ समय के लिए निलंबित होने के एक दिन से भी कम समय बाद आया। तूलिका का हटना भारतीय जूडो टीम के लिए दूसरा बड़ा झटका है।