ग्लासगो में आयोजित हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार के दिन की शुरुआत भारत के लिए बेहतरीन रही है। भारतीय एथलीटों ने देश की झोली में स्वर्ण और रजत पदक डाले हैं। प्रीति पवार और जैस्मीन लैम्बोरिया ने मुक्केबाजी में स्वर्ण जीता है, तो जदुमणि सिंह ने मुक्केबाजी में रजत पदक जीता है। ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रवेल ने रजत और सेल्वा प्रभु ने कांस्य पदक जीता है। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एथलीटों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी है। रक्षा मंत्री ने शॉट पुट के पदक विजेताओं को भी बधाई दी है।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने अपने आधिकारिक एक्स पर लिखा, "प्रीति पवार और जैस्मीन लैम्बोरिया को महिलाओं के 54 किग्रा और 57 किग्रा बॉक्सिंग इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई। प्रवीण चित्रवेल को रजत पदक और सेल्वा प्रभु को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के ट्रिपल जंप इवेंट में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। आपके शानदार प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और पक्के इरादे ने देश को बहुत गर्व महसूस कराया है। आप सभी को लगातार सफलता और भारत के लिए और भी बहुत कुछ हासिल करने की शुभकामनाएं।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जैस्मिन लैम्बोरिया को शुभकामना देते हुए एक्स पर लिखा, "कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की एक और गोल्डन जीत। महिलाओं के 57 किग्रा बॉक्सिंग इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने पर जैस्मिन लैम्बोरिया को बहुत-बहुत बधाई। उनके निडर प्रदर्शन, पक्के इरादे और चैंपियनशिप के जोश ने देश को बहुत गर्व महसूस कराया है। उम्मीद है कि वह और भी ऊंचाइयों को छूती रहेंगी और पूरे भारत में अनगिनत युवा एथलीटों को प्रेरित करेंगी।"