भारत के स्टार वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह चनंबम ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 60 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। 28 वर्षीय मणपुर के वेटलिफ्टर ने कुल 264 किलोग्राम (स्नैच 121 किग्रा + क्लीन एंड जर्क 143 किग्रा) वजन उठाकर भारत को चौथे दिन का पहला पदक दिलाया।
ऋषिकांत ने प्रदर्शन के दौरान स्नैच में 121 किलोग्राम वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया। हालांकि, बाद में मलेशिया के बिन कसदन मोहम्मद अनीक ने इस रिकॉर्ड की बराबरी की और कुल 273 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीत लिया, जबकि केन्या के जोशुआ अमुंगा म्बोया 260 किलोग्राम के साथ कांस्य पदक विजेता रहे।
रजत पदक ऋषिकांत के करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह वर्षों की निरंतर मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। मणिपुर के इम्फाल पश्चिम जिले के न्गाइरांगबाम माखा मानिंग लेइकाई में 5 जुलाई 1998 को जन्मे ऋषिकांत ने अपनी वेटलिफ्टिंग यात्रा खुमान लम्पक स्थित नेशनल स्पोर्ट्स अकादमी से शुरू की थी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने जुनून और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया।