कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन स्कॉटलैंड के खुबसूरत शहर ग्लासगो में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होना है। 1930 में शुरु हुए कॉमनवेल्थ गेम्स का यह 23वां संस्करण है। भारतीय दल अब तक आयोजित 22 संस्करणों में सिर्फ 4 संस्करणों (1930, 1950, 1962 और 1986) का हिस्सा नहीं रहा है।
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय दल ने दूसरे संस्करण (1934) में पदार्पण किया था। लंदन में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-1934 में भारत की तरफ से 6 सदस्यीय दल गया था जिसने 10 ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं और एक कुश्ती स्पर्धा में भाग लिया था। अपने पदार्पण संस्करण में भारत ने एक पदक जीता था। यह पदक पहलवान राशिद अनवर ने 74 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में जीता था। कांस्य पदक जीतने वाले राशिद कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में भारत की तरफ से पहले पदक विजेता हैं।
1934 में अपना पहला पदक जीतने वाला भारतीय दल कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में एक सफल दल के रूप में प्रतिष्ठित है और खेल के इतिहास की चौथी सफलतम टीम है। बर्मिंघम में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2022 तक भारतीय दल ने कुल 564 पदक अपने नाम किए हैं। इसमें 203 स्वर्ण, 190 रजत और 171 कांस्य पदक हैं। भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स में सर्वाधिक 135 पदक निशानेबाजी में जीते हैं। इसमें 63 स्वर्ण, 44 रजत और 28 कांस्य पदक हैं।