कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश के लिए पदक की सबसे बड़ी उम्मीद नीरज चोपड़ा ग्लासगो पहुंचने वाले हैं। आईएएनएस को मिली जानकारी के मुताबिक चोपड़ा शुक्रवार देर रात तक ग्लासगो पहुंचेंगे।
2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में विजेता रहे नीरज इंजरी की वजह से बर्मिंघम में 2022 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाए थे। वह आठ साल बाद खेलों के इस प्रतिष्ठित मंच पर वापसी कर रहे हैं। नीरज की कोशिश एक बार फिर से जैवलीन का खिताब अपने नाम करने की होगी। फिलहाल यह खिताब पाकिस्तान के अरशद नदीम के पास है, जो मौजूदा ओलंपिक और कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन हैं।
नीरज के लिए साल 2025 मिला-जुला रहा। हालांकि वे अपने करियर में पहली बार 90 मीटर के सबसे ज्यादा मार्क तक पहुंचने में कामयाब रहे थे। उन्हें वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में निराशा हाथ लगी थी। इस इवेंट में नीरज आठवें स्थान पर रहे थे। इसके बाद साल की शुरुआत में दोहा डायमंड लीग में 85.69 मीटर के थ्रो के साथ वह चौथे स्थान पर रहे थे।