कॉमनवेल्थ गेम्स: राहुल गांधी ने मीराबाई चानू को स्वर्ण पदक जीतने पर दी बधाई, कहा- आपकी सफलता देश के (Image Source: IANS)
लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने ग्लासगो में आयोजित हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतने पर सैखोम मीराबाई चानू को बधाई दी है।
राहुल गांधी ने फेसबुक पर चानू की विजयी तस्वीर को साझा करते हुए लिखा, "कॉमनवेल्थ गेम्स में वेटलिफ्टिंग में लगातार तीसरा ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने पर सैखोम मीराबाई चानू को बहुत-बहुत बधाई। अपनी हिम्मत, अनुशासन और लगातार कड़ी मेहनत से आपने एक बार फिर दुनिया के मंच पर तिरंगा फहराया है। हर भारतीय को आपकी इस शानदार कामयाबी पर बहुत गर्व है। आपकी सफलता पूरे देश के लिए एक प्रेरणा है।"
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी मीराबाई चानू और वेटलिफ्टिंग में ही रजत पदक जीतने वाले ऋषिकांत सिंह चनंबम को बधाई दी है।