कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में शुक्रवार को वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्लेक्स में केन्या की पुरुष और महिला टीमों ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की।
पुरुष टीम ने सिंगापुर के खिलाफ 48-28 से शानदार जीत दर्ज की, जिसमें जेम्स कामवेती ने सबसे ज्यादा 19 अंक बनाए। वहीं, महिला टीम ने कड़े मुकाबले में धैर्य बनाए रखते हुए बांग्लादेश को 34-25 से हराया। जेम्स को सैमुअल वाफुला और स्टीफन अडोंगो का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने क्रमशः आठ और सात अंक बनाए। हाफ-टाइम तक केन्या 28-11 से आगे था। वाफुला और एलन ओमोन्डी का मजबूत डिफेंस केन्या के शानदार प्रदर्शन का मुख्य आधार रहा।
इन दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर छह टैकल प्वाइंट हासिल किए। इसके अलावा कामवेती, रूबेन नजुगुना, जेरेमिया औंगागे, रयान नेविल ओन्योंगो, होसिया मुथी और हेल्विश सिमुयुवानजाला ने भी केन्या के लिए टैकल प्वाइंट जुटाए। इस तरह केन्या ने टैकल प्वाइंट के मामले में सिंगापुर को 12-6 से पीछे छोड़ दिया। सिंगापुर के लिए मोहम्मद ऐदिल मुतालिब और आदित सेंथिलकुमार ने क्रमशः नौ और छह अंक बनाए। हालांकि, वह रेड के मामले में केन्या को चुनौती नहीं दे पाए और इस विभाग में केन्या ने उन्हें 32-20 से पीछे छोड़ दिया।