कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन, बांग्लादेश की पुरुष टीम ने कनाडा के खिलाफ 67-28 से शानदार जीत दर्ज की। वहीं, स्कॉटलैंड की महिला टीम ने इंग्लैंड को 53-36 से रौंदा।
शनिवार को वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बांग्लादेश की तरफ से मिजानुर रहमान और जुल्फिकर आकाश ने 10-10 अंक बनाकर टीम का नेतृत्व किया। रेड प्वाइंट्स के मामले में बांग्लादेश ने कनाडा को 45-19 से पछाड़ा। अपनी इस आसान जीत के दौरान बांग्लादेश ने कनाडा को पांच बार 'ऑल-आउट' किया। कनाडा के लिए आनंद ने 10 और मनप्रीत सिंह ने 8 अंक बनाए।
दूसरी तरफ, श्रीलंका के मिलिंडा चतुरंगा ने मलेशिया के खिलाफ भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने 16 अंक बनाए, जबकि विदुरंगा ने 11 अंकों का योगदान दिया। मलेशिया के पास श्रीलंका के आक्रामक और रक्षात्मक दबदबे का कोई जवाब नहीं था। श्रीलंका ने रेड प्वाइंट्स में 35-21 और टैकल प्वाइंट्स में 9-5 से मलेशिया को पीछे छोड़ा।