भारत ने शुक्रवार को कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। अहमदाबाद के वीर सावरकर स्टेडियम में महिला टीम ने मलेशिया पर 73-13 की बड़ी जीत दर्ज की, जबकि पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 46-26 से हराया।
भारतीय महिला टीम ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा और 20-3 की बढ़त हासिल कर ली। हाफ-टाइम तक उन्होंने अपनी बढ़त को 30-11 तक पहुंचा दिया। आठ रेड प्वाइंट हासिल करने वालीं कप्तान निधि शर्मा के नेतृत्व में भारत ने रेडिंग और टैकलिंग दोनों में मैच पर पूरा नियंत्रण रखा। भारत ने कुल 40 रेड प्वाइंट और 20 टैकल प्वाइंट बनाए, जबकि मलेशिया केवल 9 रेड प्वाइंट और दो टैकल प्वाइंट ही हासिल कर सका। इस दौरान भारत ने मलेशिया को छह बार ऑलआउट किया।
साक्षी ने सबसे ज्यादा 13 प्वाइंट (आठ रेड प्वाइंट और पांच टैकल प्वाइंट) हासिल किए। बेंच से आईं रेणुका ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी 9 रेड में नौ प्वाइंट बटोरे। अनु ने छह प्वाइंट जोड़े, जबकि कार्तिका रमेश और ज्योति ने क्रमशः छह और चार टैकल प्वाइंट का योगदान दिया। मलेशिया की कप्तान दर्शिनी ने अपनी टीम के लिए तीन रेड प्वाइंट हासिल किए।