कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के चौथे दिन सिंगापुर ने ऑस्ट्रेलिया को 59-32 से शिकस्त दी, जबकि 'करो या मरो' के मुकाबले में मलेशिया ने तंजानिया को 43-26 से हराया। वहीं, महिलाओं के वर्ग में युगांडा ने मलेशिया को 35-23 से हराया, जबकि बांग्लादेश को श्रीलंका के खिलाफ 20-31 से हार का सामना करना पड़ा।
सोमवार को अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दिन की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर के बीच मुकाबले के साथ हुई, जिसमें सिंगापुर ने शानदार आक्रामक खेल दिखाते हुए ऑस्ट्रेलिया को 59-32 से करारी शिकस्त दी। इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया अब तक एक भी मैच नहीं जीत सका है और उसे लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।
तीन मैचों में दूसरी जीत के साथ सिंगापुर ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। सिंगापुर के लिए आदित सेंथिलकुमार और श्रीराम राजा ने सबसे ज्यादा स्कोर किया; आदित ने 18 और श्रीराम ने 15 अंक हासिल किए। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए रूबेन विलियम ने 11 अंक बनाए।