कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप (सीडब्ल्यूकेसी) 2026 के तीसरे दिन, श्रीलंका ने युगांडा को 36-34 से शिकस्त देकर जीत की हैट्रिक लगाई। वहीं, कनाडा ने ऑस्ट्रेलिया को 74-28 से रौंदा।
रविवार को वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में श्रीलंका को युगांडा के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। युगांडा ने अनुशासित डिफेंस का इस्तेमाल करते हुए श्रीलंका के स्टार रेडर मिलिंडा चतुरंगा को शुरुआत में ही रोक कर रखा। हाफ-टाइम तक युगांडा के पास तीन अंकों की बढ़त थी, लेकिन श्रीलंका ने आखिरी 10 मिनटों में शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। चतुरंगा ने 11 अंक बनाए, जबकि युगांडा के लिए डगलस मुलालिरा ने आठ अंक हासिल किए।
पुरुषों के ग्रुप-बी मुकाबले में कनाडा ने दमदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट का पहला 70 से अधिक का स्कोर बनाया। उन्होंने पहले हाफ में दो बार 'ऑलआउट' किया और ब्रेक के बाद तीन और 'ऑलआउट' करके एक बड़ी जीत सुनिश्चित की।