फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने संकेत दिए हैं कि 2030 पुरुष फुटबॉल विश्व कप में टीमों की संख्या 48 से बढ़ाकर 64 करने के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 2026 फीफा विश्व कप के बाद इस मुद्दे को आधिकारिक रूप से संबंधित समितियों के सामने रखा जाएगा और इसके सभी पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
2026 का विश्व कप फुटबॉल इतिहास में एक बड़े बदलाव का गवाह बन रहा है। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होने वाला यह टूर्नामेंट पहली बार 48 टीमों के साथ खेला जा रहा है। इससे पहले 1998 से 2022 तक विश्व कप में 32 टीमें हिस्सा लेती थीं।
मौजूदा 48 टीमों वाले प्रारूप में टीमों को चार-चार के 12 ग्रुप में बांटा गया। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमें राउंड ऑफ-32 में पहुंची। इसके बाद राउंड ऑफ-16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फिर फाइनल का शेड्यूल है। फीफा विश्व कप 2026 में कुल 104 मैच खेले जाएंगे।