इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) ने मंगलवार को 'कॉमनवेल्थ गेम्स 2026' के लिए भारत के दल को शानदार विदाई दी। साथ ही, टीम इंडिया द्वारा ग्लासगो में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होने वाले गेम्स के 23वें एडिशन के दौरान पहनी जाने वाली औपचारिक और प्रतियोगिता पोशाक का अनावरण भी किया गया।
इस समारोह में एथलीट, कोच, सपोर्ट स्टाफ, गणमान्य व्यक्ति और पार्टनर शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया, इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा, भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरून, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, खेल विभाग के सचिव हरि रंजन राव के साथ एथलीट, कोच और कॉर्पोरेट पार्टनर शामिल हुए।
इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री मांडविया ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, भारत एक वर्ल्ड-क्लास स्पोर्ट्स इकोसिस्टम बना रहा है जो हमारे एथलीट्स को उनकी पूरी क्षमता का एहसास कराने के लिए सशक्त बनाता है। हमारे एथलीट नए भारत की खेल उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प और आकांक्षाओं के एंबेसडर हैं। जैसे ही टीम इंडिया ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अपनी यात्रा शुरू कर रही है, मैं प्रत्येक एथलीट से आग्रह करता हूं कि वे निडर होकर मुकाबला करें, खेल भावना का सर्वोच्च स्तर बनाए रखें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। भारत सरकार आप में से प्रत्येक के साथ मजबूती से खड़ी है और देश का गौरव बढ़ाने में आपकी मदद करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।"