कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बॉक्सर अरुंधति चौधरी (महिला 70 किलोग्राम वर्ग) ने गोल्ड और लवलीना बोरगोहेन (महिला 75 किलोग्राम वर्ग) ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसी के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 11 तक पहुंच गई है। कुल 35 मेडल के साथ भारत चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बॉक्सिंग की बाउट नंबर-183 में अरुंधति चौधरी ने इंग्लैंड की चैंटेल रीड के खिलाफ 5-0 से शानदार जीत हासिल की। शनिवार को एसईसी हॉल-5 में खेले गए इस मैच के पहले राउंड में 5 में से 4 जजों ने अरुंधति को 10-10 अंक दिए। इसके बाद अगले राउंड में सभी जजों को प्रभावित करते हुए 10-10 अंक हासिल किए। तीसरे राउंड में भी सभी जजों ने अरुंधति के पक्ष में निर्णय दिया।
इसके बाद, बाउट नंबर-184 में भारत की लवलीना बोरगोहेन को ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री ने 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से हराया। पहले राउंड में ऑस्ट्रेलियाई बॉक्सर ने अपना दमखम दिखाते हुए 4 जजों से 10-10 अंक हासिल किए। इसके बाद लवलीना ने शानदार कमबैक करते हुए दूसरे राउंड को 4-1 से अपने पक्ष में किया। तीसरे राउंड में 4 जजों ने एम्मा के पक्ष में 10-10 अंक दिए, जिसके साथ लवलीना को सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा है।