कॉमनवेल्थ गेम्स (सीडब्ल्यूजी) 2026 की स्विमिंग और पैरा-स्विमिंग प्रतियोगिताओं में दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया का दबदबा देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया ने कुल तीन गोल्ड मेडल अपने नाम किए, जिनमें एक पैरा-स्विमिंग का मेडल भी शामिल रहा।
वहीं, साउथ अफ्रीका और मेजबान स्कॉटलैंड ने भी एक-एक गोल्ड मेडल अपने नाम किया। दिन की शुरुआत महिलाओं की 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा से हुई, जहां ऑस्ट्रेलिया की लानी पैलिस्टर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। न्यूजीलैंड की एरिका फेयरवेदर ने सिल्वर और ऑस्ट्रेलिया की जेना फॉरेस्टर ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ पैलिस्टर्स अपने परिवार की विरासत को आगे बढ़ाते हुए मां जैनेल और गॉडमदर डॉन फ्रेजर की तरह कॉमनवेल्थ चैंपियन बनीं।
जीत के बाद पैलिस्टर्स ने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने कहा कि अपनी मां और डॉन फ्रेजर की तरह गोल्ड जीतना गर्व की बात है। उन्होंने अपना पहला मेडल जीतने की खुशी जताई और कहा कि प्रतियोगिता की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के लिए गोल्ड के साथ होना शानदार है। उन्होंने न्यूजीलैंड की एरिका फेयरवेदर की भी तारीफ की और कहा कि दोनों कई वर्षों से एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करती आ रही हैं और हर रेस रोमांचक होती है।