गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल और उप-मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने 'कॉमनवेल्थ गेम्स 2026' में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का स्वागत किया है। इसी के साथ उप-मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की तैयारियों के बारे में बताते हुए देश भर के खिलाड़ियों के लिए गुजरात के स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर की पेशकश की।
मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "ग्लासगो से गांधीनगर कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा पहुंचने पर गुजरात के लिए यह गर्व का क्षण है। कैबिनेट बैठक के दौरान हमारे पैरा-एथलीट्स की मौजूदगी में उप-मुख्यमंत्री हर्ष संघवी द्वारा औपचारिक रूप से सौंपे गए इस झंडे का अर्थ एकता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सीडब्ल्यूजी 2030 की मेजबानी करने की हमारी यात्रा की आधिकारिक शुरुआत का प्रतीक है।"
उन्होंने लिखा, "मैं उन सभी शानदार एथलीट्स और पैरा-एथलीट्स को दिल से बधाई देता हूं, जिन्होंने ग्लासगो में 39 मेडल जीतकर भारत का मान बढ़ाया है। उनकी हिम्मत और जुनून हमें प्रेरित करते रहते हैं, क्योंकि हम सीडब्ल्यूजी 2030 को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की तैयारी कर रहे हैं।"