कॉमनवेल्थ गेम्स (सीडब्ल्यूजी) 2026 का समापन रविवार को क्लोजिंग सेरेमनी के साथ हुआ। भारत को सीडब्ल्यूजी 2030 के लिए मेजबानी सौंपी गई। क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान भारत के शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक देखने को मिली। इसके साथ ही भारतीय गायक शंकर महादेवन, ऋषभ शर्मा और भूमि त्रिवेदी ने अपनी आवाज से समां बांधा।
ग्लासगो के ओवीओ हाइड्रो में हुई क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान स्टेडियम खचाखच भरा रहा। 'वंदे मातरम', 'शिव स्तोत्र' और मशहूर गाना 'सुनो गौर से दुनिया वालों' पर हजारों भारतीय दर्शक अपनी जगह पर खड़े होकर झूमते नजर आए। विदेशी दर्शकों ने भी भारतीय कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया। कॉमनवेल्थ गेम्स का बैटन स्कॉटलैंड से भारत को सौंपे जाने के दौरान स्टेडियम का माहौल देखने लायक रहा।
इस शानदार समारोह ने खेलों के 11 यादगार दिनों का समापन किया और कॉमनवेल्थ मूवमेंट के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत की। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा प्रतीकात्मक रूप से सौंपे जाने के साथ ही, 2030 में अहमदाबाद में खेलों के ऐतिहासिक शताब्दी संस्करण की मेजबानी की दिशा में भारत की यात्रा की शुरुआत हुई। भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा और आईओए अध्यक्ष पीटी उषा को भी सीडब्ल्यूजी ध्वज थमाया गया।