कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के विमेंस शॉट पुट एफ57 इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वालीं शर्मिला धनखड़ शनिवार को हरियाणा स्थित महेंद्रगढ़ जिले में अपने पैतृक गांव छिथरोली पहुंचीं, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। गांव की बेटी के सम्मान समारोह में सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ी। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और भारत माता के जयघोष के साथ शर्मिला का स्वागत किया।
शर्मिला दोपहर करीब 12 बजे भड़फ बस स्टैंड पहुंचीं, जहां ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद डीजे के साथ भव्य रोड शो निकाला गया, जिसमें करीब 40-50 मोटरसाइकिल और 20-25 गाड़ियां शामिल रहीं। यह काफिला कनीना मंडी, अंबेडकर चौक, बस स्टैंड कनीना, गाहड़ा और सीहोर होते हुए करीब दो बजे छिथरोली पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं से गोल्डन गर्ल का अभिनंदन किया।
छिथरोली गांव पहुंचने के बाद शर्मिला सबसे पहले एसडीएम स्कूल पहुंचीं, जहां विद्यार्थियों और स्टाफ ने 'भारत माता की जय' के नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। शर्मिला अपनी पहली शिक्षिका और प्राचार्या रेखा दांगी से गले मिलीं और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। शर्मिला ने अपने गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह जीवनभर अपने गुरुजनों की ऋणी रहेंगी।