Commonwealth Games: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स (सीडब्ल्यूजी) 2026 में सिल्वर मेडल जीतने पर गुलवीर सिंह और हरजिंदर कौर को बधाई दी है। गृह मंत्री ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में इतिहास रचने के लिए गुलवीर की तारीफ की। इसके साथ ही देश के लिए वेटलिफ्टिंग में एक और मेडल जीतने पर हरजिंदर के प्रदर्शन को भी सराहा।
गुलवीर की ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "कॉमनवेल्थ गेम्स में 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतकर भारत के लिए पहला मेडल हासिल करने का शानदार रिकॉर्ड बनाने के लिए गुलवीर सिंह को बधाई। आपकी यह उपलब्धि उभरते हुए खिलाड़ियों को देश के लिए और सम्मान जीतने के लिए प्रेरित करेगी। आपके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"
गुलवीर ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में कॉमनवेल्थ गेम्स का मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बनकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया। ग्लासगो में बारिश के बीच, नेशनल रिकॉर्ड होल्डर गुलवीर लीडिंग ग्रुप के साथ बने रहे और आखिरी लैप में जबरदस्त तेजी दिखाते हुए रेस को 27:49.78 सेकंड में पूरा किया।