कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार को भारत के लिए बॉक्सिंग में 'स्वर्णिम दिन' रहा है। रात साढ़े 9 बजे तक भारत ने इस खेल में 4 गोल्ड मेडल हासिल कर लिए हैं। प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया के बाद साक्षी यादव और प्रिया घणघस ने भी अपनी-अपनी फाइनल बाउट जीतकर गोल्ड हासिल कर लिए हैं।
शनिवार को एसईसी हॉल-5 में खेले गए मुकाबले में साक्षी यादव ने 51 किलोग्राम वर्ग के खिताबी मैच में इंग्लैंड की रूबी व्हाइट के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की। पहला राउंड पूरी तरह से साक्षी के नाम रहा, जिनके पक्ष में सभी 5 जजों ने अपने फैसले दिए। इसके बाद दूसरे राउंड में रूबी ने शानदार वापसी की। इस राउंड में 4 जजों ने उनके पक्ष में 10-10 अंक दिए। अंतिम राउंड में साक्षी ने एक बार फिर अपना दबदबा दिखाते हुए सभी 5 रेफरी से 10-10 अंक हासिल किए।
अगले मुकाबले में, प्रिया घणघस ने कनाडा की मैरी-बथूल अल-अहमदियेह को 4-1 से मात दी। 'ब्लू कॉर्नर' पर मौजूद कनाडाई मुक्केबाज ने पहले राउंड को 3-2 से अपने पक्ष में किया, जिसमें 3 जजों ने उनके पक्ष में 10-10 अंक दिए, लेकिन इसके बाद अगले राउंड में प्रिया ने जबरदस्त वापसी करते हुए 4 जजों से 10-10 अंक हासिल किए। अंतिम राउंड में प्रिया के लिए वापसी जरूरी थी, जिसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 जजों से 10-10 अंक हासिल करते हुए खिताबी बाउट अपने नाम कर ली।