प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ग्लासगो में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाले भारत के कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेताओं से नई दिल्ली स्थित अपने आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की।
इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर करत हुए पीएम मोदी ने लिखा, "7, लोक कल्याण मार्ग पर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के हमारे शानदार मेडल विजेताओं की मेजबानी करके बहुत खुशी हुई। गेम्स के दौरान उनके अनुभवों के बारे में सुना। उन सभी ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता कई युवाओं को प्रेरित करेगी।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'एक्स' अकाउंट पर इस मुलाकात का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसकी शुरुआत विमेंस 51 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड जीतने वाली बॉक्सर साक्षी चौधरी ने की। इस वीडियो में साक्षी ने कहा, "हैलो फ्रैंड्स, मैं साक्षी चौधरी... आज हम सभी कॉमनवेल्थ गेम्स मेडलिस्ट को आदरणीय प्रधानमंत्री सर ने बुलाया है। हमें इस पर काफी गर्व महसूस हो रहा है। हमें प्रधानमंत्री से मिलकर बहुत खुशी हुई। वह बहुत विनम्र हैं।"