कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की एफ57 शॉट पुट इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वालीं राज्य की पैरा-एथलीट शिल्पा कंचुगरकोप्पालु शायला को सम्मानित किया। शिल्पा ने कहा है कि वह भविष्य में भी देश और कर्नाटक के लिए मेडल जीतेगीं।
शिल्पा शायला ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा, "मैं सभी का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। एयरपोर्ट पर पहुंचते ही सभी ने मेरा बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। इससे मुझे काफी खुशी और गर्व महसूस हुआ। मैं इसी तरह आपका भरोसा जीतती रहूंगी। मैं अपने देश और कर्नाटक के लिए और भी कई मेडल जीतूंगी।"
इससे पहले, बुधवार को केंद्रीय इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शिल्पा के साथ उनके कोच सत्यनारायण और पुष्पा निरंजन प्रसाद को सम्मानित किया था। केंद्रीय मंत्री ने शिल्पा की इस उपलब्धि को कर्नाटक और पूरे देश के लिए गर्व का पल मानते हुए उन्हें युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया था।